खड़खड़ी स्थित पार्थ सारथी विद्यालय में ‘पुलिस आपके द्वार’ कार्यक्रम, छात्राओं को दी सुरक्षा संबंधी जानकारी

हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस की ओर से जनपद स्तर पर संचालित ‘पुलिस आपके द्वार’ जागरूकता अभियान के तहत खड़खड़ी स्थित पार्थ सारथी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में महिलाओं और बालिकाओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस दौरान पुलिस टीम ने महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों की जानकारी दी। साथ ही आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 1090 और 1091 के संबंध में विस्तार से बताया गया। साइबर अपराध से बचाव के उपायों के अलावा छेड़छाड़ और घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं से कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें। पुलिस सदैव उनकी सहायता और सुरक्षा के लिए तत्पर है। कार्यक्रम में आत्मरक्षा के सामान्य उपाय और सतर्कता संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए गए।

स्थानीय नागरिकों और विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सुरक्षा और विश्वास बढ़ाने वाला प्रभावी कदम बताया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।

कार्यक्रम में उ.नि. संजीत कंडारी, उ.नि. निशा सिंह, अ.उ.नि. दीपक ध्यानी और का. अरुण नेगी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *