हरिद्वार। सुनील सेठी, प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रीय पंजाबी महासभा व जिला अध्यक्ष महानगर व्यापार मंडल ने होली के दौरान हुड़दंग, स्टंटबाजी और रफ ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार को पंजाबी समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर से मुलाकात कर उन्हें गुरु नानक देव जी का चित्र भेंट कर नए कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान सुनील सेठी ने कहा कि होली के त्योहार पर कुछ लोग तेज रफ्तार में कार व बाइक चलाते हैं और स्टंटबाजी करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। बाजारों में भी तीन-तीन लोग बाइक पर बैठकर तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे आम राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मुख्य बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और सख्त निगरानी की मांग की।
ज्वालापुर व्यापार मंडल अध्यक्ष हरमिंदर सिंह ने कहा कि होली हर्ष और उल्लास का पर्व है, लेकिन कुछ लोग उत्पात मचाकर दूसरों की जान जोखिम में डालते हैं। प्रशासन को चाहिए कि त्योहार से पहले ही बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की दिक्कत न हो और हुड़दंगियों में पुलिस की मौजूदगी का भय बना रहे।
प्रतिनिधिमंडल में अर्पण ग्रोवर, प्रशांत लांबा, भूषण लाल, अमित बजाज और सौरभ अरोड़ा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।