हरिद्वार। जनपद के राजकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, Bharti Airtel Foundation और NITI Aayog के संयुक्त तत्वावधान में ‘द टीचर ऐप’ आधारित ऑनलाइन शिक्षक प्रोफेशनल डेवलपमेंट प्रोग्राम का शुभारंभ विकास भवन रोशनाबाद सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि यह पहल शिक्षकों की क्षमता-वृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे डिजिटल शिक्षण को बढ़ावा मिलेगा और शिक्षकों को उच्च गुणवत्ता वाले संसाधन उपलब्ध होंगे। ऐप के माध्यम से बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान (एफएलएन), डिजिटल शिक्षण, कक्षा प्रबंधन और नवीन शिक्षण पद्धतियों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने शिक्षकों से ऐप का अधिकतम उपयोग करने का आह्वान किया। जिला शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने कहा कि तकनीक आधारित प्रशिक्षण से शिक्षकों में नवाचार और आत्मविश्वास बढ़ेगा। डायट रुड़की के प्राचार्य मेराज अहमद ने भी निरंतर सीखने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में नीति आयोग के प्रतिनिधि ले. कर्नल जितेंद्र कुमार वर्मा ने वर्चुअली संबोधित करते हुए आधुनिक तकनीकों को शिक्षण में शामिल करने पर जोर दिया। एससीईआरटी के सहायक निदेशक केएल बिजल्वाण तथा भारती एयरटेल फाउंडेशन की प्रतिनिधि वीणा त्यागी ने ऐप की विशेषताओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर सभी शिक्षकों और डायट प्रशिक्षुओं को ‘द टीचर ऐप’ का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया। प्राथमिक शिक्षक संजय वत्स को प्रोएक्टिव टीचर की उपाधि देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एयरटेल के जोनल मैनेजर सुमित शांडिल्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।