हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को मनसा देवी हिल बाईपास रोड और मां मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने को कहा। साथ ही हिल बाईपास मार्ग पर पड़े मलबे को यात्रा से पहले हटाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्लाइडिंग जोन का भी जायजा लिया गया और वहां सुरक्षा दीवार का निर्माण जल्द पूरा करने को कहा गया। वन विभाग को पहाड़ी क्षेत्र में मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए बांस और घास लगाने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने मनसा देवी पैदल मार्ग पर साफ-सफाई बनाए रखने और प्रवेश द्वार पर दोपहिया वाहनों को खड़ा न होने देने के भी निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक वर्मा, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ओम जी गुप्ता, राजाजी नेशनल पार्क के वार्डन अजय लिंगवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।