खड़खड़ी में आपसी विवाद के बाद हंगामा, पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया

हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र के खड़खड़ी स्थित रामगढ़ में आपसी विवाद के बाद हंगामा और मारपीट पर उतारू पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 और 135 के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने और आमदा फसाद करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 10 नवंबर को उपनिरीक्षक दीपक ध्यानी पुलिस टीम के साथ खड़खड़ी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें रामगढ़ के पास कुछ लोगों के बीच लड़ाई-झगड़ा होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां कुछ लोग आपस में गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू थे। पुलिस ने उन्हें काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे और अधिक उत्तेजित होकर हंगामा करने लगे। स्थिति बिगड़ने और संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने पांचों व्यक्तियों को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की।

हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान राजकुमार सैनी (53), आनंद सैनी (37) और सुमित सिंह (32), पुत्र फूल सिंह, तथा अंकुल सैनी (25) और ऋषभ (19), पुत्र राजकुमार सैनी, निवासी रामगढ़, संतोषी माता मंदिर के निकट, नई बस्ती खड़खड़ी, हरिद्वार के रूप में हुई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में नगर कोतवाली प्रभारी कुन्दन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक दीपक ध्यानी, कांस्टेबल पवनीश कवि और कांस्टेबल विकास गैरोला शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *