रुद्रप्रयाग। सात मार्च को शहर के एक होटल में युवती का शव मिलने के मामले का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने युवती के लिव-इन पार्टनर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को हरियाणा के कैथल जिले के चीका थाना क्षेत्र से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार सात मार्च की रात करीब आठ बजे गैलेक्सी होटल से सूचना मिली कि कमरे में ठहरी एक युवती बेहोशी की हालत में पड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कमरे को सील कर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए।
जांच में सामने आया कि युवती छह मार्च को अपने लिव-इन पार्टनर और उसके दोस्त के साथ होटल में ठहरी थी। सात मार्च को दोनों युवक थोड़ी देर में लौटने की बात कहकर होटल से निकले, लेकिन वापस नहीं आए। संदेह होने पर होटल संचालक ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बताया कि आठ मार्च को मृतका की पहचान काजल (30), निवासी पीपली, जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के रूप में हुई। मृतका के भाई अकबर की तहरीर पर अरुण और अक्षय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से 10 मार्च की शाम दोनों आरोपियों को हरियाणा के चीका थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी अरुण कुमार ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से काजल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। छह मार्च को वे रुद्रप्रयाग पहुंचे और होटल में रुके। सात मार्च की सुबह किसी बात को लेकर काजल और अरुण के बीच विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया। इस दौरान अरुण ने काजल के हाथ-पैर पकड़ लिए और उसके दोस्त अक्षय ने पहले गला दबाया, फिर काजल की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों आरोपी कमरे में ताला लगाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों में अरुण कुमार (21) पुत्र राजेश, निवासी वार्ड-17 थाना चीका जिला कैथल (हरियाणा) और अक्षय (23) निवासी वार्ड-3 जाटों का मोहल्ला, थाना चीका जिला कैथल (हरियाणा) शामिल हैं। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।