मसूरी और दून में तेज बारिश और ओलावृष्टि से दिलाई गर्मी से राहत

देहरादून। गुरूवार दोपहर बाद उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मसूरी में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि ने ठंडक बढ़ा दी है। वहीं, देहरादून में दिन के समय काली घटाएं छा गई और तेज बारिश शुरू हो गई। जिसने दून के लोगों को गर्मी से भारी राहत दिलाने का काम किया।

मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

पहाड़ों की रानी मसूरी में गुरुवार सुबह मौसम साफ था और धूप खिली हुई थी, लेकिन कुछ ही देर में आसमान पर बादल छा गए। दोपहर करीब दो बजे बूंदाबांदी शुरू हुई, जो जल्द ही तेज बारिश और ओलावृष्टि में बदल गई।

कुछ ही समय में मसूरी की पहाड़ियां ओलों की सफेद चादर से ढक गईं। बारिश और ओलावृष्टि के चलते तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जिससे लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। अप्रैल के अंतिम दिनों में ही यहां दिसंबर-जनवरी जैसी ठंड महसूस होने लगी।बदरीनाथ, नई टिहरी, और पौड़ी में भी मौसम ने करवट बदली। दोपहर करीब दो बजे से बारिश का दौर जारी है, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *