हरिद्वार।
शहर में लगातार आ रहे तेज तूफानों के बीच अवैध और जर्जर होर्डिंग आम जनता के लिए बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने नगर आयुक्त और जिला अधिकारी से मांग की है कि शहर, कालोनियों और हाईवे पर लगे सभी अवैध यूनिपोल और कमजोर होर्डिंग को तुरंत हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
सुनील सेठी ने कहा कि शहर के भीतरी इलाकों से लेकर हाईवे तक बड़ी संख्या में यूनिपोल लगे हुए हैं, जिनमें से आधे से ज्यादा अवैध हैं। जो वैध हैं, उनकी गुणवत्ता भी बेहद खराब है और वे किसी भी समय हादसे का कारण बन सकते हैं। तूफान के दौरान कई जगह होर्डिंग गिरकर सड़कों पर आ चुके हैं, जिससे आम लोगों की जान पर खतरा मंडरा रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हाईवे किनारे, साइड रोड और कालोनियों में होटल और अन्य व्यवसायों के प्रचार के लिए बिना अनुमति के अवैध होर्डिंग लगाए गए हैं, जो कमजोर रस्सियों और सरियों के सहारे टिके हुए हैं। हल्की हवा में भी इनके गिरने का खतरा बना रहता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
इसके साथ ही उन्होंने शहर में पेड़ों की खराब स्थिति की ओर भी ध्यान दिलाया और वन विभाग से जरूरी कार्रवाई की मांग की।
इस मांग का समर्थन करने वालों में मुकेश शर्मा, लाल जी, राजेश पांडे, सोनू चौधरी, राकेश सिंह, पंकज शर्मा और राहुल अरोड़ा शामिल रहे।