हरिद्वार,
जनपद हरिद्वार के चार विकासखण्डों में स्थित 3 विधानसभाओं में ग्राम स्तर पर पूर्व में आयोजित हुए डॉ. भीमराव अम्बेडकर, समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविरा में प्राप्त हुई जन शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा हेतु रोशनाबाद स्थित विकास भवन के सभागार में राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल (उपाध्यक्ष समाज कल्याण योजनायें अनुश्रवण समिति, उत्तराखण्ड) की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।
इस अवसर पर राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविरों में प्राप्त हुई जन शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए कहा कि जन समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाये। जन समस्याओं का समाधान प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अन्त्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारने को कृत संकल्पित है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि इसी माह 11 मई से अवशेष ग्रामों में भी डॉ. भीमराव अम्बेडकर, समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविर पुनः प्रारम्भ किये जायेंगे जिसमें समस्त रेखीय विभाग प्रतिभाग कर अपनी योजनाओं से पात्रजनों को शत-प्रतिशत लाभान्वित करना सुनिश्चित करेंगे।
समीक्षा बैठक में फ्रिंचाराम चौहान अपर जिलाधिकारी, वेदप्रकाश जिला विकास अधिकारी, सुबोध कुमार शर्मा जिला समाज कल्याण अधिकारी, अविनाश भदौरिया जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।