हरिद्वार। भीषण गर्मी के बीच शहर में भूमिगत विद्युत लाइनों में लगातार आ रहे फॉल्ट से आमजन और व्यापारी परेशान हैं। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के अधिकारियों से व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
सुनील सेठी ने बताया कि उत्तरी हरिद्वार, अपर रोड, मुख्य बाजारों और कई कॉलोनियों में घंटों तक बिजली कटौती हो रही है। उन्होंने कहा कि अधिकांश फॉल्ट भूमिगत विद्युत लाइनों में आ रहे हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि अमृत गंगा क्षेत्र में 24 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है, जबकि खड़खड़ी क्षेत्र में कई घंटों तक सप्लाई ठप रही। इसके अलावा जसविंद्र इंक्लेव, गंगा विहार, भीमगोड़ा, मायापुर और हरकी पैड़ी से जुड़े कई इलाकों में भी लोग रोजाना बिजली संकट झेल रहे हैं।
सेठी ने आरोप लगाया कि भूमिगत विद्युत लाइन से जुड़े कर्मचारियों की लापरवाही, समय पर कार्य न होना और खराब तारों की उपलब्धता न होने से समस्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में उपभोक्ताओं से तार बदलने के नाम पर शुल्क मांगने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में रोष है। बिजली कटौती के कारण व्यापारियों का सामान भी खराब हो रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो व्यापारी और स्थानीय लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
मांग करने वालों में लक्की अनेजा, राहुल शर्मा, सोनू चौधरी, मनोज मिश्रा, सुनील अरोड़ा, अमित सिंह, पावन सिंह, पवन अरोड़ा, एसएन तिवारी, राकेश सिंह, पवन पांडे, राहुल अरोड़ा, अमित शर्मा, लालजी, राजेश पांडे और आशीष अग्रवाल समेत अन्य लोग शामिल रहे।