हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में श्रमिकों की समस्याओं को समझने के लिए श्रम विभाग के अधिकारियों ने अनूठी पहल की। सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी मीनाक्षी भट्ट और अनिल कुमार पुरोहित के साथ एक कंपनी की कैन्टीन में श्रमिकों के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया।
अधिकारियों ने बताया कि यह पहल जिलाधिकारी, श्रम आयुक्त और उप श्रम आयुक्त के निर्देशों के तहत की गई है। इसका उद्देश्य श्रमिकों के बीच जाकर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि आगे भी चरणबद्ध तरीके से सिडकुल स्थित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में औचक निरीक्षण किए जाएंगे। इस दौरान अधिकारियों द्वारा श्रमिकों के साथ कैन्टीन में भोजन कर उनसे संवाद किया जाएगा और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
श्रम विभाग ने श्रमिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। वेतन या अन्य किसी समस्या के संबंध में श्रमिक अपनी शिकायत लिखित रूप में श्रम कार्यालय, रोशनाबाद में प्रस्तुत कर सकते हैं।
विभाग के अनुसार, वर्तमान में सिडकुल हरिद्वार क्षेत्र में औद्योगिक शांति बनी हुई है और सभी इकाइयों में उत्पादन कार्य सुचारू रूप से चल रहा है।