देहरादून। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन जनपद शाखा देहरादून के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को नव नियुक्त जिलाधिकारी आशीष चौहान से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर पुष्पगुच्छ भेंट करते हुए स्वागत एवं अभिनंदन किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला अध्यक्ष चौधरी ओमवीर सिंह ने किया।
इस दौरान संगठन के संरक्षक ठाकुर शेर सिंह थापली ने जिलाधिकारी से कहा कि देहरादून जनपद में भू-माफियाओं का बढ़ता प्रभाव, विभागीय साठगांठ, भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी, बुजुर्गों की जमीनों पर कब्जे और अतिक्रमण जैसी कई गंभीर चुनौतियां मौजूद हैं। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण भी प्रशासन के लिए अहम विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिलाधिकारी इन चुनौतियों का दृढ़ता के साथ सामना करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने आश्वासन दिया कि जनहित और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कार्यों में गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।
स्वागत कार्यक्रम में ठाकुर शेर सिंह थापली, जयपाल सिंह, भीम खत्री, दीपचंद शर्मा, दिनेश जोशी, प्रमोद सैनी, टी.एन. जौहरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।