चारधाम यात्रा से पहले सड़कों की मरम्मत तेज, 170 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा

हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए सीवरेज कार्यों के चलते खोदी गई सड़कों की मरम्मत तेजी से कराई जा रही है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर उत्तराखंड पेयजल निगम की ओर से दिन-रात निर्माण कार्य किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों को निर्देश दिए हैं कि चारधाम यात्रा को देखते हुए जिन सड़कों को सीवरेज कार्य के लिए खोदा गया है, उनकी मरम्मत हर हाल में जल्द पूरी की जाए। इसके बाद सड़क पुनर्निर्माण का कार्य तेज गति से कराया जा रहा है।

परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा, उत्तराखंड पेयजल निगम मिनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत पैकेज-01 और पैकेज-02 में सड़क निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

उन्होंने बताया कि पैकेज-01 के अंतर्गत अहलूवालिया सीसी रोड पर 29 मीटर और कुकरेती गली नंबर-3 में 40 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया। वहीं पैकेज-02 में द्वारका विहार में 12 मीटर, गुप्ता कॉलोनी में 24 मीटर, एवरशाइन कॉलोनी में 14 मीटर और गणपति धाम फेस में 51 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया।

विभाग के अनुसार एक दिन में कुल 170 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य लगातार जारी है और जल्द ही सभी मार्गों को सुचारु कर दिया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों, व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *