बार-बार बढ़ रही गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों से जनता परेशान: वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन

हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन (पंजीकृत) की एक बैठक में सीएनजी गैस, पेट्रोल एवं डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों पर चिंता और आक्रोश व्यक्त किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि ईंधन की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम जनता के बजट पर पड़ रहा है और महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है।

उपाध्यक्ष विद्यासागर गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार पहले जनता को विश्वास दिलाती रही है कि देश में गैस, डीजल और पेट्रोल की कोई कमी नहीं है, लेकिन इसके बावजूद समय-समय पर इनके दाम बढ़ाए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

संगठन मंत्री एस.सी.एस. भास्कर ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री द्वारा ईंधन बचत के लिए फोर व्हीलर का कम प्रयोग करने, यात्राएं सीमित रखने तथा खाद्य तेल के उपयोग में भी संयम बरतने की सलाह दी गई थी। जनता इन सुझावों का पालन भी कर रही है, फिर भी ईंधन की कीमतों में वृद्धि जारी है।

महामंत्री बाबूलाल सुमन ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत लगभग 40 डॉलर प्रति बैरल थी, तब भी पेट्रोल और डीजल के दामों में अपेक्षित कमी नहीं की गई थी और जनता को उसका लाभ नहीं मिला।

संगठन के अध्यक्ष चौ. चरण सिंह ने कहा कि जैसे-जैसे गैस, डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ते हैं, वैसे-वैसे सभी वस्तुओं और सेवाओं की कीमतें भी बढ़ जाती हैं। इसका प्रभाव गरीब और अमीर सभी वर्गों पर पड़ता है। महंगाई लगातार बढ़ रही है और आवश्यक वस्तुएं आम आदमी की पहुंच से दूर होती जा रही हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि आम जनता को राहत देने के लिए कोई प्रभावी विकल्प और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में रोहिताश शर्मा, ए.पी. गौड़, महेन्द्र चौहान, जितेन्द्र अग्रवाल, अशोक पाल, रमेशचन्द्र मिश्रा, गिरधारीलाल, गुलाब राय, रामबचन, संतराम, विपिन गोयल, जगराम, यू.पी. सिन्हा, राधेश्याम, ताराचंद, शिव बचन, सुभाष ग्रोवर, शिवचंद्र शर्मा, भौपाल, सुंदरलाल, शिवचरन, हरदयाल अरोड़ा, मोतीलाल, सुभाषचन्द्र, हरगुलाल चौहान सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *