बिना रोडमैप हो रही खुदाई से उत्तरी हरिद्वार में बिजली संकट, जनता में भारी रोष

उत्तरी हरिद्वार में बिना रोडमैप और आपसी समन्वय के हो रहे निर्माण एवं खुदाई कार्यों से बिजली, पानी और गैस की लाइनें लगातार क्षतिग्रस्त होने पर जनता में भारी रोष है। भारतमाता पुरम, रानी गली, जसविंद्र, गंगा विहार, भागीरथी नगर, शांतिकुंज, सप्तऋषि सहित कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने जिलाधिकारी से लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सीवर सहित अन्य निर्माण कार्य बिना रोडमैप और संबंधित विद्युत, जल एवं गैस विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी के किए जा रहे हैं। इससे जगह-जगह बिजली की केबल, पानी और गैस की लाइनें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। कई बार खुदाई का काम रात में होने के कारण सुबह लोगों को बिजली या पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है।

सेठी ने बताया कि बीती रात रानी गली में खुदाई के दौरान बिजली, पानी और गैस की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे करीब 20 घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। इससे स्थानीय लोगों के साथ व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ा और कई दुकानों का सामान खराब हो गया।

उन्होंने मांग की कि क्षतिग्रस्त लाइनों पर बार-बार ज्वाइंट लगाने के बजाय पूरी केबल और खराब लाइन को बदला जाए, ताकि भविष्य में समस्या न हो और बनी हुई सड़कों को दोबारा खोदने की नौबत न आए।

रोष जताने वालों में लाल जी, राजेश पांडे, मनोज मिश्रा, राकेश सिंह, कृष्ण कुमार, हरिमोहन भारद्वाज, सुशील शर्मा, अमित अरोड़ा, लक्की अनेजा, गगन गुप्ता, पावन पांडे, नंदकिशोर अरोड़ा, लक्की सिंह, अनिल अरोड़ा, संदीप कुमार, मनीत पांडे, जनार्दन पांडे और अमित पांडे शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *