काशीपुर। महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने राज्य सरकार से गन्ने का समर्थन मूल्य 500 रुपये प्रति कुंतल घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से अब तक करीब 7 हजार किसानों का 25 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान काशीपुर चीनी मिल पर बकाया है। प्रदेश में पिछले 10 वर्षों से भाजपा सरकार काबिज है, इसके बावजूद किसान अपने बकाया भुगतान के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं।
अलका पाल ने कहा कि विगत 9 अक्टूबर को आए तूफान और ओलावृष्टि से धान, गन्ने सहित कई फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई किसानों की पूरी फसल बर्बाद हो गई, लेकिन सरकार की ओर से अब तक प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। प्रभावित खेतों में फसलों के नुकसान का पारदर्शी आकलन भी पूरी तरह नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, इसके बावजूद सरकार मुआवजा देने के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रही है।
उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों में गन्ना किसानों के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की गई है, लेकिन उत्तराखंड सरकार अब तक गन्ने का नया समर्थन मूल्य घोषित नहीं कर पाई है। अलका पाल ने मांग की कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार गन्ने का समर्थन मूल्य 500 रुपये प्रति कुंतल घोषित करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों के हितों और अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी उनके साथ खड़ी रहेगी।