जनहित के मुद्दों पर प्रशासन और मीडिया एक मंच पर, काशीपुर में हुआ संवाद कार्यक्रम

काशीपुर। शहर के शगुन गार्डन में काशीपुर मीडिया सेंटर द्वारा आयोजित ‘जनहित संवाद’ कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लिया।

संवाद के दौरान शहर में जलभराव, खाली प्लॉटों की समस्या, नशे के बढ़ते प्रचलन, तेज रफ्तार डंपरों से होने वाली दुर्घटनाएं तथा महिलाओं की सुरक्षा जैसे जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, मीडिया और आमजन की साझा भागीदारी पर जोर दिया।

कार्यक्रम की सफलता पर काशीपुर मीडिया सेंटर के अध्यक्ष दिलप्रीत सेठी के नेतृत्व और प्रयासों की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में मीडिया सेंटर जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता को मजबूत करने का सराहनीय कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, एसडीएम अभय प्रताप सिंह, एसपी स्वप्न किशोर सिंह, जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर राहुल सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन संदीप वर्मा, तहसीलदार पंकज चंदोला, कोतवाल हरेंद्र चौधरी, आईटीआई थाना प्रभारी विक्रम राठौर, कुंडा थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार, भाजपा नेता गुरविंदर सिंह चंडोक सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी और वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।

समापन पर अध्यक्ष दिलप्रीत सेठी ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी जनहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे संवाद कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष रफीक खान ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *