देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सोमवार को सचिवालय में राज्य गंगा समिति की 19वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य सचिव ने राज्य गंगा समिति और जनपद गंगा समितियों की बैठकें निर्धारित समय सीमा के भीतर नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्टेट मिशन फॉर क्लीन गंगा (SPMG) स्तर पर सतत निगरानी की प्रभावी व्यवस्था विकसित करने को कहा।
मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की 24 घंटे निगरानी के लिए एक माह के भीतर रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसटीपी के इनलेट और आउटलेट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा जिला एवं राज्य स्तर पर निगरानी व्यवस्था स्थापित करने को कहा। साथ ही उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (यूकेपीसीबी) को औचक निरीक्षण कर एसटीपी की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश और देहरादून सहित गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के किनारे बसे बड़े शहरों में सीवरेज नेटवर्क का विस्तार करने पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने एसटीपी से निकलने वाले उपचारित जल का सिंचाई एवं औद्योगिक कार्यों में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव रणवीर सिंह चौहान, विशेष सचिव एवं सदस्य सचिव यूकेपीसीबी डॉ. पराग मधुकर धकाते, अपर सचिव रोहित मीणा सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।