कनखल पुलिस ने चोरी की दो बाइक समेत दो शातिर चोर दबोचे, लक्सर-खानपुर में बेचने की थी तैयारी

हरिद्वार। कनखल थाना पुलिस ने वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए चोरी की दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों के साथ दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कनखल क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिलों को लक्सर-खानपुर क्षेत्र में बेचने की योजना बना रहे थे।

पुलिस के अनुसार, गणेशपुरम कॉलोनी, सतीकुंड निवासी चंद्रशेखर तथा केदार अपार्टमेंट निवासी राजकुमार ने ई-एफआईआर के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 जून और 6 जुलाई को उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें क्रमशः सतीकुंड और बंगाली अस्पताल के बाहर से चोरी हो गई थीं। इस संबंध में थाना कनखल में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया।

15 जुलाई को पुलिस टीम जमालपुर-जियापोता रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की दो मोटरसाइकिलों पर सवार दो युवकों को रोककर पूछताछ की गई। ई-चालान मशीन से इंजन और चेसिस नंबर की जांच में दोनों मोटरसाइकिलें चोरी की निकलीं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने बंगाली अस्पताल और सतीकुंड क्षेत्र से मोटरसाइकिलें चोरी की थीं तथा उन्हें बेचने के लिए लक्सर-खानपुर ले जा रहे थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को चोरी की दोनों मोटरसाइकिलों सहित गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक पुत्र जयचंद निवासी पुरुषोत्तम नगर, थाना पथरी और शांतनु पुत्र मोहन निवासी ब्रह्मपुर, खानपुर, कोतवाली लक्सर के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत, एसएसआई अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल जितेंद्र शाह, कांस्टेबल सतेंद्र रावत, कांस्टेबल उमेद सिंह, कांस्टेबल प्रलव चौहान और कांस्टेबल रघुबीर सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *