कांवड़ पटरी मार्ग का आयुक्त ने किया निरीक्षण, समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों के मद्देनजर गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने गुरुवार को कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने मार्ग पर चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्य, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा शिवभक्तों के लिए की जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

आनंद स्वरूप ने कहा कि जिला प्रशासन कांवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में अधिक संख्या में कांवड़ यात्रियों के आने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंडलायुक्त को विभिन्न विभागों की ओर से की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

इस मौके पर अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी योगेश कुमार, तहसीलदार सचिन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *