बरसात में बढ़ा वायरल फीवर का प्रकोप, अस्पतालों की ओपीडी में उमड़ रही मरीजों की भीड़

काशीपुर। मानसून के दौरान बढ़ी नमी और बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। क्षेत्र में वायरल बुखार, टाइफाइड, डेंगू और मलेरिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बुखार के मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।

राजकीय चिकित्सालय काशीपुर के चिकित्सक डॉ. प्रियांक चौहान ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण वायरल बुखार के मामले सबसे अधिक सामने आ रहे हैं। इसके अलावा टाइफाइड के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि अधिक नमी, दूषित पानी और तापमान में बदलाव संक्रमण फैलने की प्रमुख वजह हैं।

चिकित्सकों के अनुसार बारिश के मौसम में जगह-जगह पानी जमा होने से मच्छरों का प्रजनन बढ़ जाता है, जिससे डेंगू और मलेरिया का खतरा बढ़ जाता है। वहीं दूषित पानी और बाहर का अस्वच्छ भोजन टाइफाइड और वायरल संक्रमण को बढ़ावा दे रहा है। मौसम में बदलाव से लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी प्रभावित हो रही है।

डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि बुखार या अन्य लक्षण दिखने पर लापरवाही न करें और बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करें। समय पर जांच और उचित उपचार से इन बीमारियों पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण पाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *