सरकारी भूमि पर अतिक्रमण रोकने और मानसून के दौरान राहत-बचाव कार्यों में तत्परता बरतने पर दिया जोर

भगवानपुर। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने शनिवार को भगवानपुर तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर अभिलेखों की समीक्षा की और अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने कहा कि तहसील में अपनी समस्याओं और कार्यों के लिए आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशान न किया जाए तथा उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने और प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय में निस्तारण करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि तहसील क्षेत्र की किसी भी सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण न होने दिया जाए। सरकारी भूमि की नियमित निगरानी की जाए और अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

मानसून की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि अतिवृष्टि, जलभराव, कटाव या अन्य प्राकृतिक आपदा की स्थिति में प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य करे। किसी भी घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने और आपदा प्रबंधन की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान अधिकारियों ने आयुक्त को राजस्व कार्यों, जनसुनवाई, अतिक्रमण निरोधक अभियान और मानसून की तैयारियों की जानकारी दी। निरीक्षण के समय उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी, तहसीलदार दयाराम, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह समेत संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *