सावन में हरिद्वार पुलिस का बड़ा उपहार, 205 खोए मोबाइल लौटाए; कीमत 46 लाख रुपये से अधिक

हरिद्वार। सावन माह के दौरान हरिद्वार पुलिस ने 205 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल बाजार कीमत 46 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। इन मोबाइलों को उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी रिकवर किया गया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए पुलिस के प्रयासों की सराहना की।

पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइलों में सिडकुल क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत बाहरी राज्यों के कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों के मोबाइल भी शामिल हैं। मोबाइल मिलने के बाद लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। पुलिस का कहना है कि खोई हुई संपत्ति को उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाना प्राथमिकता है, जिससे आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।

पुलिस ने बताया कि पिछले 11 महीनों में यह आठवां अवसर है, जब बड़ी संख्या में खोए हुए मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए गए हैं। वर्ष 2026 में अब तक कुल 475 मोबाइल फोन रिकवर किए जा चुके हैं। मोबाइल रिकवरी के मामले में थाना सिडकुल जनपद और प्रदेश में अग्रणी रहा है।

इस अभियान में थाना सिडकुल के थानाध्यक्ष अजय शाह, एसएसआई प्रवीण बिष्ट और हेड कांस्टेबल विवेक यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम के प्रयासों से कुल 205 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनमें 4 आईफोन, 38 ओप्पो, 15 नथिंग, 35 सैमसंग, 32 रियलमी, 12 एमआई, 44 वीवो, 19 वनप्लस और 6 आईक्यूओओ कंपनी के मोबाइल शामिल हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *