हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत लगभग 235 करोड़ रुपये की चार प्रमुख आधारभूत परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। अलकनंदा होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से हरिद्वार को आधुनिक, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करने के साथ महाकुंभ-2027 और कांवड़ यात्रा की तैयारियों को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना का भूमि पूजन किया। इसके अलावा 66.76 करोड़ रुपये से हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनरुद्धार, 66.34 करोड़ रुपये से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास तथा 58.84 करोड़ रुपये से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केवल शिलान्यास तक सीमित नहीं रहती, बल्कि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से परियोजनाओं को पूरा कर जनता को समर्पित करने की कार्यसंस्कृति पर विश्वास करती है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पुनर्जागरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के साथ केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और विवेकानंद कॉरिडोर जैसी योजनाओं पर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ-2027 को देश का सबसे दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन बनाने के लिए सरकार युद्धस्तर पर तैयारियां कर रही है। इसके तहत नए घाटों और पुलों का निर्माण, प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण तथा यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाया जा रहा है। बहादराबाद-सिडकुल से शिवालिक नगर तक सड़क चौड़ीकरण, रोह नदी पर नए पुल और पतंजलि योगपीठ से फेरूपुर तक संपर्क मार्ग के सुदृढ़ीकरण के कार्य भी प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार में मेडिकल कॉलेज निर्माण अंतिम चरण में है। लालढांग में मॉडल डिग्री कॉलेज, श्यामपुर में स्वास्थ्य केंद्र, हेलीपोर्ट, पॉड टैक्सी और हर की पैड़ी से चंडी देवी एवं मनसा देवी तक रोपवे परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। साथ ही कांवड़ पटरी मार्ग का स्थायी एवं आधुनिक विकास भी कराया जा रहा है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। यूआईआईडीबी के प्रबंध निदेशक एवं प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि सभी परियोजनाओं को महाकुंभ-2027 से पहले पूरा करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक प्रदीप बत्रा, विधायक राम सिंह कैड़ा सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।