हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने पर चलाए जा रहे ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ तथा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत सोमवार को लक्सर विकासखंड सभागार में सेवा पखवाड़ा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत 301 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 20 आवेदन और शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 16 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। बाल विकास विभाग ने पांच महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की, जबकि ग्रामीण विकास विभाग ने पांच पात्र लाभार्थियों को सीसीएल योजना के तहत तीन-तीन लाख रुपये के चेक सौंपे। स्वास्थ्य शिविर में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख हर्ष कुमार ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस तरह के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।