हरिद्वार। जिला सड़क सुरक्षा समिति (डीआरएससी) की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद के 25 चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य कराने, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने को कहा।
बैठक में सड़क सुरक्षा ऑडिट, चेतावनी संकेतक, रोड मार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और स्पीड ब्रेकर जैसे सुरक्षा उपायों को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
परिवहन विभाग ने बताया कि जनवरी से जून 2026 तक मोटर वाहन अधिनियम के तहत 19,523 चालान किए गए। इनमें बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, सीट बेल्ट का प्रयोग न करना, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, गलत दिशा में वाहन चलाना, नो पार्किंग और ड्रिंक एंड ड्राइव जैसे मामलों में कार्रवाई शामिल है।
मुख्य विकास अधिकारी ने शिक्षा विभाग को सभी स्कूलों में सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं चिकित्सा विभाग से सड़क दुर्घटना में घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए सभी अस्पतालों को एक समन्वित व्यवस्था से जोड़ने को कहा, ताकि समय पर इलाज मिल सके और जनहानि कम हो।