ऋषिकेश में आज बहुउद्देशीय शिविर, मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ

ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को चंद्रेश्वर नगर स्थित नगर रजत जयंती पार्क में बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ करेंगे। शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ ही उनकी समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि शिविर में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, ग्राम्य विकास, विद्युत, पेयजल, राजस्व, खाद्य आपूर्ति, श्रम और सेवायोजन सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे।

शिविर में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन के आवेदन, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड, स्वास्थ्य जांच, दिव्यांग प्रमाणपत्र एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा किसानों को कृषि योजनाओं, बीज एवं कृषि यंत्रों की जानकारी दी जाएगी। युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने के लिए भी कार्यवाही की जाएगी।

बिजली बिलों, पेयजल कनेक्शन, सड़क, प्रमाणपत्र और अन्य विभागीय समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *