राज्य स्थापना दिवस पर आंदोलनकारी सम्मानित, विकास पुस्तिका का विमोचन

हरिद्वार। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया।

समारोह में राज्य आंदोलनकारियों को पटका एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से उत्तराखण्ड का निर्माण हुआ है। प्रदेश ने 26 वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।

उन्होंने बताया कि हरिद्वार में एक लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, 1.37 लाख लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा 10.40 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। जनपद में 23 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, आगामी कुंभ-2027 को लेकर विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को गति दी जा रही है।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, किसानों, लाभार्थियों, विद्यार्थियों और नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन भी किया गया। मतदाता जागरूकता को लेकर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया तथा विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।

कार्यक्रम में मेयर किरण जैसल, राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विधायक आदेश चौहान, आयुक्त गढ़वाल मंडल आनन्द स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, राज्य आंदोलनकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। संचालन विनोद प्रसाद मिश्रा एवं डॉ. नरेश चौधरी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *