कांवड़ मेले के दौरान 30 जुलाई से 11 अगस्त तक हरिद्वार के सभी स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद

हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेला-2026 के दौरान बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों, तकनीकी संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक अवकाश घोषित किया है।

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार कांवड़ मेले की चरम अवधि में प्रमुख मार्गों पर भारी भीड़ और यातायात डायवर्जन के कारण छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस अवधि में सभी शिक्षण संस्थानों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी।

हालांकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों को ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था, जनसुरक्षा और विद्यार्थियों के हितों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *