हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में विभाजित कर सुपर जोनल, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर कानून व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी अपने क्षेत्रों में पेयजल, बिजली, स्वच्छता, चिकित्सा, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, यातायात, घाटों और कांवड़ मार्गों की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करेंगे। किसी भी समस्या या आपात स्थिति में मौके पर पहुंचकर संबंधित विभागों के समन्वय से तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही नियंत्रण कक्ष से मिलने वाली सूचनाओं पर भी तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने सभी अधिकारियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी शिकायत का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस और अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने पर भी जोर दिया गया।
जारी आदेश के अनुसार हर की पैड़ी, अपर रोड, मनसा देवी, खड़खड़ी, सप्तऋषि, हाईवे, रोड़ीबेलवाला, बीएचईएल, रुड़की, लक्सर, कलियर, गंगापार समेत विभिन्न क्षेत्रों के लिए 18 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इनके अलावा शेष 40 जोन और 141 सेक्टरों में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भी नियुक्ति की गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण कांवड़ मेला प्रदेश की आस्था का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। सभी अधिकारी टीम भावना, संवेदनशीलता और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि देशभर से आने वाले करोड़ों शिवभक्तों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा सकें