एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने ग्रामीण महिलाओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित कर किया जागरूक

हरिद्वार। एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से फतेहपुर क्षेत्र में निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए। संस्था की मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में महिलाओं को स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर संस्था की मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार एवं सदस्य पूजा जोशी ने कहा कि मासिक धर्म के दौरान सैनिटरी पैड का उपयोग महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी और संकोच के कारण कई महिलाएं आज भी सैनिटरी पैड के बजाय कपड़े का उपयोग करती हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य है कि कोई भी महिला सैनिटरी पैड के अभाव में असुरक्षित तरीकों का इस्तेमाल न करे। इसी सोच के साथ संस्था लगातार विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरण अभियान चलाकर महिलाओं को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करती रहेगी।

कार्यक्रम में मार्गदर्शिका पूर्णिमा रजवार, मीना मिश्रा, पूजा जोशी, आशा रावत, दीपा रावत, गीतांजलि जोशी, मनीषा आर्या सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *