हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बैरागी कैंप समेत विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम ने 35 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान चना दाल, ब्रेड पकौड़े, आलू की सब्जी और पके चावल समेत नौ खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं, लेबलिंग संबंधी जानकारी अस्पष्ट मिलने पर एक प्रतिष्ठान से कोल्ड ड्रिंक की चार दो-लीटर बोतलें नष्ट कराई गईं। अस्वच्छ स्थिति में रखे करीब चार किलो मसाले भी नष्ट कराए गए।
टीम ने दीनदयाल पार्किंग, रोडीबेलवाला पार्किंग, गऊघाट और हरकी पैड़ी क्षेत्र में भी निरीक्षण किया। रोडीबेलवाला स्थित एक प्रतिष्ठान से करीब 100 खराब कुलचे/बंद और दूसरे प्रतिष्ठान से एक किलो खराब मसाला नष्ट कराया गया।
खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई रखने, खाद्य पदार्थ ढककर रखने, यात्रियों को ताजा भोजन परोसने और प्रतिष्ठान में खाद्य लाइसेंस व फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत दो खाद्य कारोबारियों को नोटिस भी जारी किए गए। विभाग ने अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।