डीएम का खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर औचक निरीक्षण, गंदगी देख भड़के

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को मायापुर स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बहादराबाद का औचक निरीक्षण किया। कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की खराब व्यवस्था और घास-झाड़ियों की कटान न होने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। डीएम ने तत्काल सफाई कराने और कार्यालय परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने शिक्षा के अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरटीई से जुड़े मामलों का निस्तारण पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि पात्र बच्चों को बिना भेदभाव शिक्षा का अधिकार मिल सके। उन्होंने उपस्थिति पंजिका और पत्रावलियों के रखरखाव का भी जायजा लिया।

डीएम ने कार्यालय परिसर में प्रस्तावित पुस्तकालय स्थल का निरीक्षण कर इसे जल्द विकसित करने के निर्देश दिए। मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने बताया कि जीर्ण-शीर्ण भवन के स्थान पर पुस्तकालय का निर्माण प्रस्तावित है। पेयजल निर्माण निगम ने इसके लिए 284.33 लाख रुपये का आगणन प्रस्ताव शासन को भेजा है, जिसकी स्वीकृति अभी लंबित है। डीएम ने शासन स्तर पर प्रभावी पत्राचार कर जल्द बजट स्वीकृत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग के कार्यालय सीधे जनहित से जुड़े हैं, इसलिए अधिकारी-कर्मचारी जिम्मेदारी, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *