देहरादून। ऑल इंडिया स्मॉल न्यूजपेपर्स एसोसिएशन (आईसना) की उत्तराखंड इकाई ने डिजिटल मीडिया, न्यूज पोर्टल और वेबसाइटों की विज्ञापन दरों में संशोधन की मांग उठाई है। प्रदेश महासचिव सोमपाल सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
संगठन ने कहा कि डिजिटल मीडिया सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों, जनहितकारी फैसलों और महत्वपूर्ण सूचनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। इसके बावजूद सूचीबद्ध डिजिटल मीडिया संस्थानों के लिए निर्धारित विज्ञापन दरें मौजूदा तकनीकी और संचालन खर्च की तुलना में कम हैं।
आईसना के अनुसार वर्तमान व्यवस्था में प्रति बैनर/वीडियो फिल्म विज्ञापन की दर करीब 1,200 रुपये प्रतिमाह और कुल 7,200 रुपये प्रतिमाह निर्धारित है। संगठन का कहना है कि तकनीकी संसाधनों, कर्मचारियों और अन्य संचालन खर्च में लगातार बढ़ोतरी के चलते इन दरों पर छोटे और स्थानीय न्यूज पोर्टलों का संचालन चुनौतीपूर्ण हो रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने सूचना विभाग से विज्ञापन दरों की समीक्षा कर उन्हें वर्तमान बाजार परिस्थितियों और डिजिटल मीडिया की भूमिका के अनुरूप बढ़ाने की मांग की। संगठन ने उम्मीद जताई कि विभाग इस मामले में सकारात्मक निर्णय लेते हुए सूचीबद्ध पोर्टलों और वेबसाइटों के लिए संशोधित दरें निर्धारित करेगा।
प्रतिनिधिमंडल में आईसना उत्तराखंड के कोषाध्यक्ष धीरज पाल सिंह, कुमाऊं सह संयोजक दीपा माहेश्वरी, सविता थलवाल, हरिद्वार से इफ्खार अंसारी, अनुप ढौडियाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।