एक्सपायरी डेट के 150 किलो रसगुल्ले नष्ट, पांच प्रतिष्ठानों को नोटिस

 

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुधवार को हरिद्वार नगर क्षेत्र के खड़खड़ी, जगजीतपुर और ज्वालापुर में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डेयरी और मिष्ठान प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के पांच नमूने लिए गए।

 

ज्वालापुर में अवधूत मंडल आश्रम के पास एक प्रतिष्ठान के निरीक्षण के दौरान करीब 150 किलो एक्सपायरी डेट के रसगुल्ले मिले। खाद्य सुरक्षा टीम ने रसगुल्लों का नमूना जांच के लिए लेने के बाद उन्हें बिक्री और उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए मौके पर ही नष्ट करा दिया। नियमों का पालन नहीं करने पर प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सुधार नोटिस जारी किया गया है। संचालक से 14 दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है।

वहीं, ग्राहक की शिकायत पर खड़खड़ी स्थित डेयरी से खोये का एक नमूना लिया गया। इसके अलावा जगजीतपुर फुटबॉल ग्राउंड के पास तीन डेयरियों से पनीर के दो और खुले दूध का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। कुल पांच नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने ज्वालापुर क्षेत्र में 10 खाद्य कारोबार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। विभाग ने कहा कि मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *