हरिद्वार।
महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने यातायात एसएसपी से हाईवे सहित शहर की अंदरूनी सड़कों, सर्विस लेन और अंडरपास में यातायात बाधित करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त चालान की कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि नो पार्किंग जोन में खड़ी बसों के कारण स्कूली बसों, एंबुलेंस और जरूरी कार्यों से आने-जाने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुनील सेठी ने बताया कि ऋषिकुल हाईवे पर पूरे दिन अनियोजित तरीके से खड़ी बसें, भीमगोड़ा पंतद्वीप पार्किंग के सामने हाईवे पर विशेषकर शाम छह से रात 10 बजे तक खड़ी बसें यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रही हैं। इसके अलावा सप्तऋषि-शांतिकुंज से सिंहद्वार तक, विशेषकर भूपतवाला, दूधाधारी चौक और शांतिकुंज फ्लाईओवर के नीचे अंडरकट पर बसों व अन्य वाहनों के खड़े रहने से जाम की स्थिति बन रही है।
उन्होंने कहा कि कॉलोनियों और आवासीय क्षेत्रों में खड़ी बसें, दूधाधारी चौक से सूखी नदी भूपतवाला के बीच सड़कों पर खड़ी बड़ी बसें तथा वेद निकेतन-पावन धाम-श्मशान घाट मार्ग पर खड़े वाहन रोजाना यातायात प्रभावित कर रहे हैं। इससे जाम की समस्या बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन, यातायात पुलिस और परिवहन विभाग के एआरटीओ से संयुक्त रूप से अभियान चलाकर कार्रवाई करने की मांग की।
सुनील सेठी ने कहा कि दिवाली सीजन तक इन नो पार्किंग वाहनों, विशेषकर बड़ी बसों के कारण स्कूली बच्चों और अन्य राहगीरों को रोजाना परेशानी हो रही है। लोगों को समय से अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने मांग की कि नो पार्किंग में खड़े वाहनों के चालान किए जाएं और जरूरत पड़ने पर वाहनों को सीज करने की कार्रवाई भी की जाए।
मांग करने वालों में सोनू चौधरी, भागीरथ सिंह, देवेंद्र गोयल, हरि मोहन भारद्वाज, गौरव कुमार, रजत शर्मा, अनिल अरोड़ा, सचिन अग्रवाल, आशीष शर्मा, अमित सिंह और राजेश कुमार शामिल रहे।