पौड़ी गढ़वाल। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के पोखड़ा विकासखंड में सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री एवं विधायक सतपाल महाराज ने क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
उन्होंने बताया कि दूरस्थ कोला क्षेत्र में वर्षों से लंबित बरसूंड देवता ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना के लिए 29.83 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे करीब 40 गांवों और तोकों को पेयजल सुविधा मिलेगी।
इस दौरान 2.75 करोड़ रुपये की लागत से बिजोरापानी-कुंजखाल-कोलाखाल-जयकोट मोटर मार्ग के 8 किमी हिस्से से चिनवाड़ी तक ग्रामीण मोटर मार्ग का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा विभिन्न सड़क, पेयजल और विकास कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।
मंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर लाभार्थियों को मुख्यमंत्री राहत कोष के चेक वितरित करने के साथ एबीवीपी के युवाओं को सम्मानित भी किया गया।