हरिद्वार। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने मेलाधिकारी सोनिका एवं अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती से मुलाकात कर कुंभ मेला-2027 की तैयारियों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग एवं अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार का आग्रह किया।
मेलाधिकारी ने बताया कि कुंभ की तैयारियों में सभी हितधारकों के सुझावों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। शहर की दीर्घकालीन जरूरतों को देखते हुए संपर्क मार्ग, पार्किंग और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने फुटपाथ निर्माण, सड़कों के सुदृढ़ीकरण, चौराहों के सुधार और स्थायी अवस्थापना कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन कार्यों का लाभ कुंभ के बाद भी स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को लंबे समय तक मिलेगा।