हरिद्वार। नवरात्रि पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लक्सर में आटा सप्लायरों, थोक विक्रेताओं, ट्रांसपोर्टरों और प्रोविजन स्टोरों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुट्टू आटा के दो और सेंधा नमक का एक नमूना जांच के लिए लिया गया।
कोतवाली मोड़ स्थित एक प्रतिष्ठान से मिनट मेड, सन क्रश, लिम्का, फैंटा और मिरिंडा की 55 एक्सपायर्ड बोतलें मिलीं, जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। संबंधित कारोबारी के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा दायर करने की संस्तुति की गई।
वहीं गोवर्धनपुर रोड स्थित दुकान से फफूंदी और कीड़े लगा चार किलो मल्टी ग्रेन आटा बरामद हुआ, जिसे नष्ट कराया गया। प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ भी न्यायालय में वाद दायर कराया जा रहा है।