हरिद्वार। परिवारों में आपसी मनमुटाव दूर कर टूटते रिश्तों को बचाने और बिखरते परिवारों को फिर से जोड़ने के लिए हरिद्वार पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में महिला हेल्पलाइन हरिद्वार और रुड़की के माध्यम से पारिवारिक विवादों का काउंसलिंग और ऐच्छिक ब्यूरो के जरिए समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है। जनवरी 2026 से अब तक दोनों महिला हेल्पलाइन में कुल 2071 मामले सामने आए हैं, जिनमें 1016 परिवारों को आपसी समझौते के माध्यम से फिर से एक साथ रहने के लिए सहमत कराने में सफलता मिली है।
महिला हेल्पलाइन में पति-पत्नी के बीच आपसी मतभेद, पारिवारिक कलह और अन्य घरेलू विवादों से जुड़े मामलों को गंभीरता से सुना जाता है। काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों की बात सुनकर उन्हें आपसी संवाद, समझदारी और सामंजस्य के साथ विवाद सुलझाने के लिए प्रेरित किया जाता है, ताकि परिवारों को टूटने से बचाया जा सके।
पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक महिला हेल्पलाइन हरिद्वार में 966 मामले पहुंचे, जिनमें 460 परिवारों को दोबारा साथ लाने में सफलता मिली। वहीं, महिला हेल्पलाइन रुड़की में 1105 मामले आए, जिनमें 556 परिवारों के बीच आपसी समझौता कराने में सफलता मिली।
हरिद्वार पुलिस का यह प्रयास केवल पारिवारिक विवादों का निस्तारण करने तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवारों में आपसी विश्वास, सम्मान और सौहार्द बनाए रखने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पारिवारिक विवादों की स्थिति में धैर्य बनाए रखें और आपसी संवाद को प्राथमिकता दें। आवश्यकता पड़ने पर महिला हेल्पलाइन की सहायता लें। पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई और परामर्श देने के लिए प्रतिबद्ध है।