टीरा टोंगिया में 78.40 लाख की पेयजल योजना का विधायक आदेश चौहान ने किया शुभारंभ in

हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टीरा टोंगिया में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विधायक आदेश चौहान ने 78.40 लाख रुपये की पेयजल योजना का विधिवत पूजन कर शुभारंभ किया। इस योजना से ग्राम टीरा टोंगिया, खाला टीरा और टांडा टीरा के सैकड़ों परिवारों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व क्षेत्र में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से पेयजल लाइन बिछाने के साथ ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जा चुका है। इसके बावजूद गर्मी के मौसम में पुराने नलकूप की क्षमता पर्याप्त नहीं होने के कारण ग्रामीणों को नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति की समस्या से जूझना पड़ता था। नई पेयजल योजना के शुरू होने से इस समस्या के समाधान की उम्मीद है।

इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेयजल प्रत्येक परिवार की बुनियादी आवश्यकता है। गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े, इसी उद्देश्य से योजना स्वीकृत कराकर कार्य शुरू कराया गया है। उनका प्रयास है कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और परिवार तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल पहुंचे।

क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य बिमलेश देवी ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तीनों गांवों के ग्रामीण पुराने नलकूप की कम क्षमता के कारण पेयजल संकट का सामना कर रहे थे। विधायक ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए 78.40 लाख रुपये की योजना स्वीकृत कराकर कार्य शुरू कराया है। इससे सैकड़ों परिवारों को राहत मिलेगी।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान अनिल कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि कुमार, प्रदीप राठौर, रामपाल सिंह, नाथी सिंह, डॉ. कुलदीप चौहान, नरेश राठौर, जसप्रीत सिंह और सुरेश प्रधान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *