हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत निर्माणाधीन चार स्थायी पुलों की गुणवत्ता का आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों ने तकनीकी परीक्षण किया। मेलाधिकारी सोनिका की पहल पर प्रो. डॉ. संजय के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम ने चारों पुलों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, तकनीक, मजबूती और सुरक्षा मानकों की जांच की।
टीम ने खड़खड़ी मार्ग पर सुखी नदी, मायापुर एस्केप चैनल पर दक्षद्वीप-बैरागी कैंप, ज्वालापुर से शिवालिक नगर मार्ग पर पथरी रौ नदी और धनौरी-सिडकुल लिंक रोड पर निर्माणाधीन पुलों का निरीक्षण किया।
इन पुलों के निर्माण से कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम होगी और यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। मेला प्रशासन द्वारा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय निगरानी, थर्ड पार्टी जांच और आईआईटी विशेषज्ञों की तकनीकी सलाह ली जा रही है।
निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट सहित लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के अभियंता मौजूद रहे।