मेरठ वाली धर्मशाला की कथित अवैध रजिस्ट्री निरस्त करने की मांग, महेश गौड़ ने दी आंदोलन की चेतावनी

हरिद्वार। राष्ट्रीय धर्मशाला सुरक्षा समिति ने मेरठ वाली धर्मशाला (चंदों देवी ट्रस्ट) की 3 अगस्त को कराई गई कथित अवैध रजिस्ट्री निरस्त करने की मांग को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन भी किया गया।

समिति के अध्यक्ष महेश गौड़ ने आरोप लगाया कि ताज होटल/प्रसाद हेरिटेज की ओर से मेरठ वाली धर्मशाला को मेरठ भवन दर्शाकर कथित रूप से अवैध रजिस्ट्री कराई गई है। उन्होंने कहा कि पिछले चार पीढ़ियों से धर्मशाला का प्रबंधन देख रहीं विधवा प्रबंधक शोभा शर्मा का उत्पीड़न किया जा रहा है। आरोप है कि पिछले डेढ़ माह से कुछ असामाजिक तत्वों के माध्यम से उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है और धर्मशाला खाली करने की धमकी दी जा रही है। समिति ने चेतावनी दी कि इस तरह की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समिति के महामंत्री विकास तिवारी ने कहा कि वर्ष 1995 में इसी धर्मशाला की खरीद-फरोख्त को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान तत्कालीन धर्मशाला प्रबंधक और शोभा शर्मा के पति रामप्रकाश शर्मा (पत्रकार) का अपहरण कर लिया गया था। चार दिन बाद उनका शव धनौरी-कलियर के पास नहर में मिला था। इसके बाद से शोभा शर्मा धर्मशाला के प्रबंधन का कार्य देख रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्मशाला में अवैध रूप से गार्ड बैठाए गए हैं और वहां ठहरे तीर्थयात्रियों को भी डराया-धमकाया जा रहा है।

विकास तिवारी ने कहा कि धर्मशाला से संबंधित मामला जिला न्यायालय और उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद शोभा शर्मा और उनके परिवार को कथित रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

संस्था के कोषाध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर ट्रस्ट की संपत्ति को भवन दर्शाकर कराई गई रजिस्ट्री की जांच कर उसे निरस्त करने की कार्रवाई नहीं की गई तो सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने शोभा शर्मा और उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की।

ज्ञापन देने वालों में संजय त्यागी, विजय भंडारी, योगी गणेश नाथ, रमेश कुमार मिड्ढा, स्वामी गणेश दास और धर्मशाला प्रबंधक शोभा शर्मा शामिल रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *