हरिद्वार। आईआईए रुड़की चैप्टर की ओर से भगवानपुर स्थित एक होटल में एमएसएमई औद्योगिक सम्मेलन-2026 का आयोजन किया गया। इसमें कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भारत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में सैकड़ों उद्यमियों ने औद्योगिक समस्याओं और सुझावों को मंत्री के समक्ष रखा।
उद्यमियों ने भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र में बदहाल ड्रेनेज सिस्टम और खराब सड़कों की समस्या उठाते हुए कहा कि इससे औद्योगिक इकाइयों के संचालन और माल के आवागमन में परेशानी हो रही है।
कैबिनेट मंत्री भारत सिंह चौधरी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए इनके प्राथमिकता से समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सम्मेलन में उद्योग विभाग, जिला उद्योग केंद्र, श्रम विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सिडकुल, सीडा, एनएचएआई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और आईआईए के प्रदेश एवं स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे।