हरिद्वार। दीपावली के उपलक्ष्य में हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र में एक ही दिन आठ स्थानों पर दीपावली मिलन समारोह आयोजित किए गए। स्वयंवर पैलेस, अनुराग पैलेस, सैनी आश्रम, शुभारंभ बैंक्वेट, भारत सेवाश्रम संघ, महाजन धर्मशाला और निष्काम सेवा ट्रस्ट सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में जनसैलाब उमड़ा।
समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और महापौर किरण जैसल ने सहभागिता कर लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। मदन कौशिक ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। यह पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश देता है।
महापौर किरण जैसल ने कहा कि दीपावली हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। सभी को मिलकर हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक खुशियों का प्रकाश पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने दीपावली को खुशियों का पर्व बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता विकास, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देती है। केवल आरोप-प्रत्यारोप से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता। जनता काम करने वालों और विकास की सोच रखने वालों के साथ खड़ी होती है।
समारोह में लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, राजकुमार अरोड़ा, मंडल अध्यक्ष सुशांत भट्ट, राजेंद्र कटारिया, प्रशांत शर्मा, कृष्ण बजाज, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अभिनव चौहान, हिमांशु विद्यार्थी, अनु कक्कड़, सुषमा चौहान, पारुल चौहान, तरुण नय्यर, हर्षित त्रिपाठी, गौरव वर्मा, राकेश नौटियाल, योगेंद्र पाल, रवि, सर्वेश्वर मूर्ति भट्ट, देवेश ममगाईं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।