हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए शासन ने 6 करोड़ 48 लाख 65 हजार रुपये की लागत से सात सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। विधायक आदेश चौहान के प्रयासों से स्वीकृत इन कार्यों की कुल लंबाई 14.725 किलोमीटर है।
इन कार्यों के तहत औरंगाबाद, रोशनाबाद और सुमननगर में इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं नालियों का निर्माण कराया जाएगा। वहीं शिवालिकनगर से टिहरी विस्थापित होते हुए पीएसी पेट्रोल पंप तक, गैस प्लांट पेट्रोल पंप से अंबेडकर चौक तक, शिवालिकनगर के जी एवं टी क्लस्टर तथा बीएचईएल सेक्टर-3 की सड़कों का हॉटमिक्स से पुनर्निर्माण किया जाएगा।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, विद्युत सहित मूलभूत सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश सरकार का आभार जताया।