कुंभ-2027 की तैयारियों में तेजी, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया है। शनिवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने ज्वालापुर, शिवालिक नगर और बहादराबाद क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे विभिन्न निर्माण एवं सड़क सुधार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

उन्होंने पथरी रोह नदी पर निर्माणाधीन 60 मीटर लंबे पुल का निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था ने पुल का स्लैब 20 दिसंबर तक पूरा करने का भरोसा दिया। इसके अलावा उन्होंने ज्वालापुर-शिवालिक नगर मार्ग के नवीनीकरण, इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने तथा बहादराबाद सिडकुल चार लेन मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का जायजा लिया।

अपर मेलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने और गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में कमियां मिलने पर तत्काल सुधार कराया जाए। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *