छठ पूजा पर पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह ने श्रद्धालुओं से की भेंट

हरिद्वार। छठ महापर्व के अवसर पर पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मोतिहारी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राधा मोहन सिंह ने हरिद्वार के गोविंद घाट, हरकी पैड़ी और सप्तसरोवर घाट पहुंचकर छठ व्रतधारी महिलाओं एवं पुरुषों से मुलाकात की और उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उनके साथ महापौर किरण जैसल एवं भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी भी मौजूद रहे। राधा मोहन सिंह ने हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व सूर्य उपासना, अनुशासन, स्वच्छता और परिवार एवं समाज के प्रति समर्पण का संदेश देता है। महापौर किरण जैसल ने कहा कि हरिद्वार में सभी पर्व आपसी भाईचारे और श्रद्धा के साथ मनाए जाते हैं। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या हरिद्वार की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता को दर्शाती है। भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने छठी मैया से परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद अनिल मिश्रा, चंद्रकांत पांडे, अजीत कुमार, उज्ज्वल पंडित और आकाश भाटी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *