हरिद्वार। कनखल के विष्णु गार्डन में संविदा पर नियुक्त चालक विनोद नेगी ने अपने अधिकारी चंद्रप्रकाश नौटियाल को गोली मार दी। गोली छूकर निकलने से अधिकारी बाल-बाल बच गए। घायल को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, अधिकारी और चालक के बीच पिछले चार-पांच महीनों से विवाद चल रहा था। अधिकारी की टोका-टाकी से नाराज होकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के लिए कार्यालय में पोछा लगाया और कपड़े बदलकर फरार होने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।