पुलिस ने सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना पर दबोचे आरोपी, दोनों पहले भी जा चुके हैं जेल
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत कनखल पुलिस ने मोबाइल झपटमारी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो छीने गए मोबाइल फोन और जगजीतपुर के वेलकम फार्म से चोरी की गई बाइक भी बरामद की है। दोनों आरोपी पहले भी झपटमारी, लूट और चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर को मंगलमूर्ति कॉलोनी और जमालपुर क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने दो महिलाओं के मोबाइल फोन छीन लिए थे। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और सुरागरसी के बाद 23 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर माया विहार स्थित आम के बाग के पास निर्माणाधीन सड़क के अंडरपास से दोनों आरोपियों को बाइक समेत गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में उनके पास से वीवो के दो मोबाइल फोन बरामद हुए। मोबाइल के आईएमईआई नंबर मिलाने पर उनकी पहचान पीड़ित महिलाओं के छीने गए फोन के रूप में हुई। वहीं बाइक के इंजन और चेसिस नंबर की जांच में उसके वेलकम फार्म से चोरी होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान सावेज निवासी गाड़ोवाली, थाना पथरी और दानिश निवासी काली बस्ती, गाड़ोवाली, थाना पथरी के रूप में की है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह पाल, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल प्रलव चौहान, गजय तोमर और वीरेंद्र चौहान शामिल रहे।